प्रवर बाणी (संवाददाता) चतरा। सिमरिया विधानसभा क्षेत्र के लिए लंबे समय से चली आ रही उच्च शिक्षा की मांग आखिरकार पूरी हो गई है। लोकप्रिय सांसद कालीचरण सिंह के निरंतर प्रयासों और पहल का परिणाम है कि झारखंड सरकार ने सिमरिया में डिग्री महाविद्यालय के निर्माण को प्रशासनिक स्वीकृति दे दी है। यह फैसला क्षेत्र के हजारों विद्यार्थियों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण साबित होगा।
ज्ञात हो कि सांसद श्री सिंह ने 10 सितंबर 2025 को झारखंड सरकार के उच्च तकनीकी शिक्षा विभाग को पत्र लिखकर सिमरिया विधानसभा क्षेत्र की शैक्षणिक पिछड़ी स्थिति से अवगत कराया था। लगभग 3 लाख आबादी और 7 प्रखंडों वाले इस क्षेत्र में अब तक कोई समुचित सरकारी महाविद्यालय नहीं था। उच्च शिक्षा के लिए विद्यार्थी हजारीबाग (60 किमी), चतरा मुख्यालय (40 किमी) और रांची (150 किमी) जैसे दूरस्थ जिलों की ओर पलायन करते थे।
हर वर्ष लगभग 10,000 विद्यार्थी स्नातक स्तर की पढ़ाई के लिए आवेदन करते हैं, लेकिन संसाधनों और संस्थानों की कमी के कारण अधिकांश छात्र उच्च शिक्षा से वंचित रह जाते थे।
सांसद कालीचरण सिंह की पहल से अब सिमरिया और आसपास के प्रखंडों के विद्यार्थियों को स्थानीय स्तर पर उच्च शिक्षा की सुविधा मिलेगी और शैक्षणिक पलायन की समस्या पर भी रोक लगेगी। इस निर्णय से क्षेत्रवासियों में खुशी की लहर है और सभी ने सांसद के प्रयासों की सराहना की है।
Pravar Bani www.pravarbani.com