रांची: 15 नवंबर 2000 को झारखंड अपनी स्थापना के 25 साल पूरे करने जा रहा है. राज्य सरकार ने सिल्वर जुबली समारोह को यादगार बनाने की व्यापक तैयारी शुरू की है. ऐसा पहली बार होगा जब सात दिन तक राज्य स्थापना दिवस को लेकर कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा. इसकी शुरुआत 11 नवंबर से ही हो जाएगी. इसमें समाज के हर वर्ग को शामिल करने की तैयारी की जा रही है. मुख्य सचिव अविनाश कुमार की अध्यक्षता में कार्यक्रम को लेकर एक खाका तैयार किया गया है. विभागों की जिम्मेदारी और जवाबदेही तय कर दी गई है.
झारखंड@25 थीम पर कार्यक्रम
स्थापना दिवस समारोह का शुभारंभ 11 नवंबर 2025 को हो जाएगा. मुख्य कार्यक्रम 15 नवंबर 2025 को होगा. 16 नवंबर को सांस्कृतिक कार्यक्रम होगा. 29 नवंबर 2025 को मोरहाबादी मैदान में समापन समारोह का आयोजन होगा.
11 नवंबर को पर्यटन, कला संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग की ओर से सभी जिलों में ‘Run for Jharkhand’ का आयोजन होगा. इसी दिन सूचना एवं जनसंपर्क विभाग की ओर से सभी जिलों के लिए LED प्रचार वाहन को रवाना किया जाएगा.
12 नवंबर को पर्यटन, कला संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग की ओर से सुबह-ए-झारखंड कार्यक्रम के तहत रांची के निर्धारित मार्ग पर सुबह 6 बजे से 8 बजे तक पारंपरिक नृत्य का आयोजन होगा.
13 नवंबर को पर्यटन विभाग की ओर से ‘Know your tourist place’ के तहत प्रमंडलीय मुख्यालयों में साइकिल रैली निकाली जाएगी जो प्रमंडल स्तर पर पर्यटन स्थल का भ्रमण कर प्रचार प्रसार को बढ़ावा देगी.
14 नवंबर को एसटी-एससी, अल्पसंख्यक एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग और रांची नगर निगम की ओर से रांची के निर्धारित मार्ग पर जतरा का आयोजन होगा. इसके साथ ही 11 नवंबर से 14 नवंबर तक स्कूल और कॉलेज स्तर पर पेंटिंग, डिबेट और निबंध प्रतियोगिता का आयोजन होगा.
प्रदर्शनी का आयोजन
मोरहाबादी मैदान में मुख्य कार्यक्रम स्थल के पास प्रदर्शनी का आयोजन होगा. इसमें सभी जिले भाग लेंगे. यहां अलग-अलग विभागों के स्टॉल लगाए जाएंगे. धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा का आंदोलन, उनके संघर्ष और जीवनी पर आधारित प्रदर्शनी का आयोजन होगा. साथ ही झारखंड आंदोलन में अग्रणी भूमिका निभाने वाले दिवंगत शिबू सोरेन के जीवनवृत्त और उपलब्धियों पर आधारित प्रदर्शनी लगाई जाएगी.
भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती
15 नवंबर 2025 को भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती है. इस मौके पर 2 बजे से 4 बजे तक कार्यक्रम का आयोजन होगा. इसके अलावा 16 नवंबर को 12 बजे से सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. स्थापना दिवस यानी 15 नवंबर को 11 बजे से 1 बजे तक जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. इस दिन मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन राज्य को कई सौगात देंगे. साथ ही कई प्रमुख योजनाओं की आधारशिला भी रखेंगे. राज्य के 25 वर्ष की विकास यात्रा पर आधारित Jharkhand@25 Souvenir का प्रकाशन होगा. स्थापना दिवस के लिए विशेष Momentos तैयार किए जाएंगे.
सरकार की उपलब्धियां की जाएंगी साझा
28 नवंबर को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के वर्तमान कार्यकाल का पहला साल पूरा होने जा रहा है. लिहाजा, इस दिन को भी यादगार बनाने की तैयारी है. राज्य स्थापना दिवस के तहत 29 नवंबर को नियुक्ति पत्र वितरण और 1 साल की उपलब्धियां प्रदर्शित करने वाले कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. इसको ऑडियो विजुअल के जरिए प्रदर्शित किया जाएगा. खास बात है कि राज्य की 25 वर्ष की विकास यात्रा में योगदान देने वाली प्रमुख हस्तियों को सम्मानित किया जाएगा.
Pravar Bani www.pravarbani.com