नई दिल्ली : राज्य सभा की रिक्त हो रहीं 37 सीटों के लिए चुनाव 16 मार्च को कराये जायेंगे। चुनाव आयोग की ओर से बुधवार को जारी चुनाव कार्यक्रमों के अनुसार 10 राज्यों से चुने गये राज्य सभा के 37 सदस्यों का कार्यकाल अप्रैल में समाप्त हो जायेगा। इन 37 सीटों के लिए द्विवार्षिक चुनाव कराये जायेंगे।
इन चुनावों के लिए 26 फरवरी को अधिसूचना जारी की जायेगी। पांच मार्च तक नामांकन पत्र दाखिल किये जा सकेंगे। इनकी जांच छह मार्च को होगी। नामांकन पत्र वापस लेने की अंतिम तिथि नौ मार्च निर्धारित की गयी है। इन सीटों के लिए मतदान 16 मार्च को कराये जायेंगे और उसी दिन मतों की गिनती होगी। बता दें कि महाराष्ट्र, ओडिशा, तेलंगाना, तमिलनाडु, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल, असम, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश और बिहार की खाली हो रही राज्यसभा सीटों पर चुनाव कराए जाएंगे। चुनाव आयोग के मुताबिक ये सीटें अप्रैल महीने में अलग-अलग तारीखों को खाली हो रही हैं। राज्यसभा का कार्यकाल छङ साल का होता है। लेकिन हर एक तिहाई सीटों के लिए हर दो साल पर द्विवार्षिक चुनाव कराए जाते हैं। सबसे बड़ी बात ये है कि लोकसभा की तरह राज्यसभा कभी भंग नहीं होती है, इसीलिए इसे स्थाई सदन कहा जाता है।
Pravar Bani www.pravarbani.com