04/04/26
Breaking News

रनिया थाना प्रभारी पर हमला, दो नामजद समेत 40-50 अज्ञात पर केस

खूंटी। खूंटी जिले के रनिया थाना क्षेत्र अंतर्गत लोहागढ़ा डाईर मेला में अवैध शराब की बिक्री रोकने गए थाना प्रभारी विकास कुमार जायसवाल पर रविवार को जानलेवा हमला किया गया। इस घटना के बाद पुलिस ने दो नामजद और 40 से 50 अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
रनिया के प्रखंड विकास पदाधिकारी सह अंचलाधिकारी प्रशांत डांग के आवेदन पर मेला समिति के अध्यक्ष शिव अवतार सिंह और सचिव मनोज कांशी समेत कई अन्य के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।
सीओ सह बीडीओ प्रशांत डांग ने अपनी लिखित शिकायत में बताया कि लोहागढ़ा में आयोजित डाईर मेला में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए वे थाना प्रभारी विकास कुमार जायसवाल, अमरजीत सिंकू और सशस्त्र बल के साथ मौके पर गए थे। मेला समिति को स्वयंसेवकों की तैनाती का निर्देश दिया गया था, लेकिन मौके पर कोई भी स्वयंसेवक मौजूद नहीं था।
करीब साढ़े तीन बजे दारू भट्ठी क्षेत्र से दो गुटों के बीच झगड़े की सूचना मिलने पर थाना प्रभारी सशस्त्र बल के साथ वहां पहुंचे। वहां कुछ लोग शराब पीकर आपस में लड़ाई कर रहे थे। थाना प्रभारी ने जब उन्हें समझाने और अवैध शराब बेचने से रोकने की कोशिश की, तो शराब पीने और बेचने वालों ने एकजुट होकर थाना प्रभारी और पुलिस बल को घेर लिया। भीड़ में महिलाएं भी शामिल थीं। उन्होंने गाली-गलौज करते हुए पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया।
इसी दौरान पीछे से एक व्यक्ति ने जलावन लकड़ी से थाना प्रभारी के सिर पर वार कर दिया, जिससे उनका सिर फट गया और वे जमीन पर गिर पड़े। हमलावरों ने मारपीट जारी रखी और सशस्त्र बल के जवान अनीश बारला की रायफल छीनने की भी कोशिश की।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

Check Also

नेहा किस्कू बनी मिस ग्रैंड झारखंड-2026

रांची। ब्रिकवे एंड कंपनी के तत्वावधान में स्टार एंटरटेनमेंट प्रोडक्शन के सहयोग से रविवार को …