02/04/26
Breaking News

महागठबंधन ने तेजस्वी को घोषित किया सीएम कैंडिडेट एनडीए से पूछा- आप ऐसी घोषणा कब करेंगे

पटनाः  बिहार में महागठबंधन ने तेजस्वी यादव को सीएम का चेहरा घोषित कर दिया है। गुरुवार को पटना में महागठबंधन की ज्वायंट प्रेस कॉन्फ्रेंस में मौजूद कांग्रेस नेता अशोक गहलोत ने तेजस्वी यादव के नाम का एलान किया। महागठबंधन की अन्य पार्टियों के नेताओं ने भी एकजुटता दिखाते हुए कहा कि वे तेजस्वी यादव के नेतृत्व में चुनाव लड़ रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि तेजस्वी यादव ही अगले मुख्यमंत्री होंगे। इसी के साथ मुकेश सहनी को डिप्टी सीएम का उम्मीदवार घोषित किया गया है। साथ ही, यह भी कहा गया है कि चुनाव के बाद और भी उपमुख्यमंत्री अलग-अलग वर्गों से बनाए जाएंगे।
कांग्रेस नेता गहलोत ने नेशनल डेमोक्रैटिक अलायंस पर हमला बोलते हुए कहा कि नफरत की राजनीति के खिलाफ हम तेजस्वी की अगुवाई में लड़ेंगे। अपने नाम का एलान होने के बाद तेजस्वी ने कहा कि महागठबंधन ने मुझ पर फिर से भरोसा जताया है। सभी का दिल से धन्यवाद है। सबसे कहना चाहता हूं कि जो विश्वास जताया है, उस पर खरा उतरेंगे। 20 साल पुरानी निकम्मी सरकार को उखाड़कर फेंकेंगे।
उन्होंने कहा कि सीएम का चेहरा घोषित किए जाने को लिए मीडिया ज्यादा बेताब थी, वह नहीं। उन्होंने यह भी कहा कि उनका सपना सरकार बनाना या सीएम बनना नहीं बल्कि नया बिहार बनाने का है। इस मौके पर मंच पर तेजस्वी यादव, अशोक गहलोत, मुकेश सहनी, दीपांकर भट्टाचार्य, पवन खेड़ा, अब्दुल बारी सिद्दीकी, आई पी गुप्ता और कृष्णा अलावरू जैसे नेता मौजूद थे। तेजस्वी ने भी अशोक गहलोत का सवाल दोहराते हुए पूछा कि एनडीए की ओर से ऐसी ज्वाइंट प्रेस कॉन्फ्रेंस कब की जाएगी?
बता दें कि आरजेडी ने कुल 143 सीटों पर उम्मीदवार उतारे हैं। वहीं, कांग्रेस ने 62, सीपीआई (माले) ने 20 और मुकेश सहनी की वीआईपी ने कुल 15 उम्मीदवार उतारे हैं। सीपीएम ने कुल 4 उम्मीदवार उतारे हैं। आरजेडी और वीआईपी के एक-एक उम्मीदवार का नामांकन खारिज भी हो चुका है। इंडियन इन्क्लूसिव पार्टी को भी दो सीटें गई हैं।

तेजस्वी कहिन….
नीतीश तो सीएम नहीं बनाएगी बीजेपी
तेजस्वी यादव ने कहा, ‘हम लोग तो शुरू से कह रहे हैं बीजेपी के लोग नीतीश जी को दोबारा सीएम नहीं बनाएंगे। इस बात पर किसी और ने नहीं बल्कि खुद अमित शाह ने मुहर लगाई है। हम पूछना चाहते हैं कि 20 साल में तो ऐसा नहीं हुआ तो इस बार ऐसा क्यों हो रहा है कि नीतीश जी के चेहरे का एलान क्यों नहीं हो रहा है।’ उन्होंने आरोप लगाए कि जनता दल (यूनाइटेड) में कुछ ऐसे नेता हैं तो बीजेपी के लिए काम कर रहे हैं और चुनाव के बाद वे जेडीयू को भी खत्म कर देंगे।

उन्हें 20 साल दिए, हमें 20 महीने दें
आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने सवाल उठाए कि एनडीए ने चुनाव प्रचार शुरू कर दिया है लेकिन अभी तक अपना विजन नहीं बताया है। उन्होंने आरोप लगाए कि जितने वादे महागठबंधन की ओर से किए गए, उन सबकी नकल एनडीए ने कर ली। तेजस्वी ने कहा, ‘ये थके हुए लोग हैं, ये बिहार के लिए काम नहीं करना चाहते हैं, इन्हें सिर्फ किसी भी तरह से कुर्सी पर बैठना है।’ उन्होंने कहा कि जनता ने 20 साल इन लोगों को दिए हैं, उन्हें सिर्फ 20 महीने दें तो वह सारे काम करके दिखाएंगे।

नाराज हो गए पप्पू यादव
जहां लेफ्ट, आरजेडी और कांग्रेस के नेता तेजस्वी के नाम का स्वागत करते नजर आए। पप्पू यादव ने सिर्फ तेजस्वी यादव की तस्वीर लगाए जाने पर सवाल उठा दिए। उन्होंने कहा, ‘वोट तो राहुल गांधी के नाम और चेहरे पर मिलेगा। उनके बिना कोई अस्तित्व नहीं है, सिर्फ एक चेहरा लगाने से गलत संदेश जाएगा।’

Check Also

अमेरिका-ईरान समझौता नहीं हुआ तो ईरान के मिसाइल कार्यक्रम पर इज़रायली हमलों का समर्थन करेंगे ट्रंप : रिपोर्ट

वॉशिंगटन :अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू से वादा किया …