बिहार विधानसभा चुनावों के बीच राष्ट्रीय जनता दल (RJD) ने इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) से निकलने वाली वीवीपैट पर्चियों से जुड़ा एक वीडियो पोस्ट कर गंभीर आरोप लगाए जिसके बाद चुनाव आयोग हरकत में आ गया और तत्काल प्रभाव से सख्त कार्रवाई करते हुए मामले से संबंधित एआरओ को निलंबित कर दिया।
राजद ने एक वीडियो जारी कर आरोप लगाया कि सरायरंजन विधानसभा क्षेत्र के केएसआर कॉलेज के पास सड़क पर ईवीएम की पर्चियां फेंकी हुई मिली हैं जिसके बाद चुनाव आयोग ने सख्त कार्रवाई की। राजद ने अपने आधिकारिक ‘एक्स’ अकाउंट से एक वीडियो पोस्ट कर कहा, ”समस्तीपुर के सरायरंजन विधानसभा क्षेत्र के KSR कॉलेज के पास सड़क पर भारी संख्या में EVM से निकलने वाली VVPAT पर्चियां फेंकी हुई मिली।”
राजद ने कहा कि कब, कैसे, क्यों किसके इशारे पर इन पर्चियों को फेंका गया? क्या चोर आयोग इसका जवाब देगा? क्या यह सब बाहर से आकर बिहार में डेरा डाले लोकतंत्र के डकैत के निर्देश पर हो रहा है। मुख्य चुनाव आयुक्त ने समस्तीपुर के डीएम को मौके पर जाकर जांच करने का निर्देश दिया है। उन्होंने बताया कि यह मॉक पोल की वीवीपैट पर्चियां हैं, इसलिए मतदान प्रक्रिया की शुचिता बरकरार है। डीएम ने चुनाव लड़ रहे उम्मीदवारों को भी सूचित कर दिया है। हालांकि, संबंधित एआरओ को लापरवाही के चलते निलंबित किया गया है और एफआईआर भी दर्ज हुई।
Pravar Bani www.pravarbani.com