रांची। जदयू के विधायक सरयू राय ने धनबाद जिले में दामोदर नदी में तस्करों की ओर से अवैध कोयला खनन करने का आरोप लगाया है। उन्होंने मंगलवार को रांची में मीडिया से बात करते हुए कहा कि कोयला माफिया दामोदर नदी में मोहाना बनाकर पोकलेन मशीनों से खनन कर रहे हैं। सरयू राय ने कहा कि वे इस मुद्दे को विधानसभा के बजट सत्र में उठाएंगे और दोषी अधिकारियों पर तत्काल कार्रवाई की मांग करेंगे। राय ने कहा कि ट्रकों से कोयला परिवहन किया जा रहा है। यह गतिविधि धनबाद और बोकारो जिला सीमा स्थित बारनी घाट के सामने संचालित हो रही है।
राय ने आरोप लगाया कि यह पूरा खेल जिला प्रशासन और पुलिस की जानकारी में हो रहा है, फिर भी अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है। उन्होंने कहा कि अवैध खनन से दामोदर नदी में अतिक्रमण और प्रदूषण का खतरा बढ़ गया है, जो पर्यावरण के लिए गंभीर चिंता का विषय है।
विधायक के अनुसार, एक पर्यावरण कार्यकर्ता ने अवैध खनन की तस्वीरें उपलब्ध कराई हैं। इस संबंध में धनबाद के उपायुक्त और वरीय पुलिस अधीक्षक को भी सूचित किया गया है।
Pravar Bani www.pravarbani.com