धनबाद। झारखंड के धनबाद जिले में धनसार थाना क्षेत्र अंतर्गत बरमसिया स्थित एफसीआई (फूड कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया) रेलवे यार्ड लोडिंग पॉइंट पर गुरुवार दोपहर एक ट्रांसपोर्टर के लोगों ने अंधाधुंध फायरिंग कर दहशत फैला दी। गोलीबारी में एक ट्रक चालक श्रवण यादव घायल हुआ है, जिसे इलाज के लिए एसएनएमएमसीएच में भर्ती कराया गया है।
बताया गया कि एफसीआई गोदाम से माल ढुलाई करने वाले ट्रक चालक और मजदूर किराया एवं मजदूरी वृद्धि की मांग को लेकर हड़ताल पर थे। इसी दौरान दो स्कॉर्पियो गाड़ियों में सवार करीब 20 से 25 लोग वहां पहुंचे और उन्हें धमकाने लगे। इसके बाद सात से आठ राउंड फायरिंग की गई।
स्थानीय लोगों ने बताया कि घटना के पीछे एफसीआई गोदाम के ठेकेदार संजय सिंह और उनके पुत्र कुणाल सिंह का नाम सामने आ रहा है। मजदूरों ने फायरिंग के बाद तीन लोगों को पकड़कर उनकी पिटाई की और बाद में उन्हें पुलिस के हवाले कर दिया।
घटना की सूचना पर थाना प्रभारी मनोहर करमाली, किस्को एसडीपीओ वेदांत शंकर और पुलिस बल मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल से एक पिस्तौल, दो मैगजीन, कई कारतूस और एक काली रंग की स्कॉर्पियो कार जब्त की है। स्कॉर्पियो पर भाजपा का झंडा लगा हुआ पाया गया।
पुलिस ने बताया कि फायरिंग में शामिल कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है। घटनास्थल से बरामद हथियारों को जांच के लिए फॉरेंसिक टीम को भेजा गया है।
मजदूरों ने बताया कि हड़ताल से चावल की लोडिंग प्रभावित थी, जिससे ट्रांसपोर्टर पक्ष नाराज था। इसी विवाद में फायरिंग की घटना हुई। घटना के बाद धनसार और बैंक मोड़ थाना क्षेत्र में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। फिलहाल इलाके में तनाव बरकरार है। पुलिस का कहना है कि स्थिति नियंत्रण में है और पूरे मामले की गहराई से जांच की जा रही है।
Pravar Bani www.pravarbani.com