लातेहार : झारखंड सरकार के आत्मसमर्पण एवं पुनर्वास नीति से प्रभावित होकर नई दिशा के तहत बुधवार को जेजेएमपी उग्रवादी संघठन के पांच लाख के इनामी सब-जोनल कमांडर ब्रजेश यादव उर्फ राकेश ने पुलिस के समक्ष आज आत्मसमर्पण किया
राकेश के साथ एरिया कमांडर अवधेश लोहरा उर्फ रोहित ने पलामू आईजी शैलेन्द्र कुमार सिन्हा व 11 वीं बटालियन सीआरपीएफ कमांडेंट यादराम बुनकर एवं एसपी कुमार गौरव के समक्ष पुलिस मुख्यालय लातेहार में सरेंडर किया। ब्रजेश यादव पर सरकार ने पांच लाख रुपए का इनाम घोषित कर रखा था। वह गुमला जिले के बिशनपुर थाना क्षेत्र के कठोकटवा गांव का निवासी है। वहीं, अवधेश लोहरा लातेहार के हेरहंज थाना क्षेत्र के बंदुवा गांव का रहने वाला है। इस अवसर पर पुलिस अधिकारियों ने आत्मसमर्पण करने वाले उग्रवादियों का गुलदस्ता और बुके देकर स्वागत किया। इनामी नक्सली ब्रजेश यादव को पांच लाख रुपए का प्रतीकात्मक चेक भी सौंपा गया। समर्पण के दौरान दोनों उग्रवादियों के परिजन भी मौजूद थे। आईजी शैलेंद्र कुमार सिन्हा ने इस मौके पर कहा कि लातेहार जिले में अब काफी बदलाव आया है और पुलिस को लगातार सफलता मिल रही है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष अब तक कुल 21 नक्सली आत्मसमर्पण कर चुके हैं। आईजी ने अन्य नक्सलियों से भी आत्मसमर्पण करने की अपील की, चेतावनी दी कि ऐसा न करने पर वे पुलिस कार्रवाई में मारे जाएंगे।
Pravar Bani www.pravarbani.com