03/10/25
Breaking News
मानगो

मानगो बनेगा नया पुलिस अनुमंडल, उच्चस्तरीय समिति ने दी मंजूरी

Ranchi : जमशेदपुर के मानगो क्षेत्र को अब अलग पुलिस अनुमंडल का दर्जा मिलेगा। सोमवार को मुख्य सचिव की अध्यक्षता में हुई उच्चस्तरीय समिति की बैठक में गृह, कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग के इस प्रस्ताव को मंजूरी दे दी गई।

मुख्य सचिव ने राज्य के पुलिस महानिदेशक (DGP) को निर्देश दिया कि विधि-व्यवस्था को प्रभावी ढंग से बनाए रखने के लिए राज्य के सभी जिलों की आवश्यकताओं का गहन आकलन कराया जाए। उन्होंने कहा कि इससे अपराध के प्रकार, उनके ट्रेंड, जनसंख्या घनत्व और उपलब्ध संसाधनों का स्पष्ट डाटा तैयार होगा, जो संसाधनों के बेहतर वितरण और अपराध नियंत्रण में मददगार साबित होगा।

गौरतलब है कि पूर्वी सिंहभूम जिले में पहले से दो पुलिस अनुमंडल जमशेदपुर (मुख्यालय) और पटमदा कार्यरत हैं। लेकिन हाल के वर्षों में मानगो, आजादनगर और ओलीडीह जैसे इलाकों में जनसंख्या, क्षेत्रफल और अपराध के मामलों में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है।

गृह सचिव वंदना डाडेल ने जानकारी दी कि मानगो में आर्थिक अपराधों, नशीले पदार्थों की तस्करी और विविध प्रकृति के मामलों में तेजी से बढ़ोतरी हुई है, जिससे वहां एक अलग पुलिस अनुमंडल की जरूरत महसूस की जा रही थी।

राज्य के डीजीपी अनुराग गुप्ता ने बताया कि जमशेदपुर (मुख्यालय) और पटमदा अनुमंडलों के अंतर्गत आने वाले उत्क्रमित थाना – मानगो एवं आजादनगर, साथ ही ओलीडीह ओपी को अलग कर नया ‘मानगो पुलिस अनुमंडल’ गठित किया जाएगा।

बैठक में वित्त सचिव प्रशांत कुमार और कार्मिक सचिव प्रवीण टोप्पो ने अपने-अपने विभागों से जुड़े पहलुओं को रखा और समिति से अनुमोदन प्राप्त किया।

इस उच्चस्तरीय बैठक में राजस्व, निबंधन एवं भूमि सुधार विभाग के सचिव चंद्रशेखर, ग्रामीण विकास सचिव के. श्रीनिवासन और आईजी नरेंद्र कुमार सिंह भी मौजूद थे।

Also Read : आतंकी नेटवर्क पर NIA का बड़ा एक्शन, 5 राज्यों और जम्मू-कश्मीर में 22 ठिकानों पर छापेमारी

 

Check Also

आदित्य साहू बने झारखंड प्रदेश भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष

रांची : आदित्य साहू झारखंड प्रदेश भारतीय जनता पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष बनाए गए हैं। …