Khunti : झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के विधायक रामसूर्या मुंडा की तबीयत मंगलवार को अचानक बिगड़ गई, जिसके चलते उन्हें रांची के रिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों की प्रारंभिक जांच के बाद फिलहाल उन्हें छुट्टी दे दी गई है, लेकिन उन्हें बुधवार को दोबारा अस्पताल बुलाया गया है। इस समय वे रांची स्थित अपने आवास पर आराम कर रहे हैं।
विधायक रामसूर्या मुंडा ने बताया कि उन्हें हर्निया की समस्या है, जिसकी वजह से उन्हें अचानक तेज पेट दर्द हुआ और उन्हें अस्पताल ले जाना पड़ा। डॉक्टरों ने उन्हें जल्द ऑपरेशन कराने की सलाह दी है, जिसे वे निकट भविष्य में करवाने की योजना बना रहे हैं।
उनकी तबीयत बिगड़ने की खबर जैसे ही पार्टी कार्यकर्ताओं को मिली, कई समर्थक और सहयोगी उनका हालचाल लेने उनके आवास पहुंचे और उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की।
विधायक की तबीयत को लेकर फिलहाल कोई गंभीर चिंता की बात नहीं है, लेकिन चिकित्सकीय निगरानी में उन्हें कुछ दिन आराम की जरूरत बताई गई है।
Also Read : पीएम मोदी 13 सितंबर को करेंगे असम दौरा