03/10/25
Breaking News
झारखंड

झारखंड में इस दिन से तेज बारिश की चेतावनी

Ranchi : झारखंड में शनिवार और रविवार को मौसम आंशिक रूप से बादलों से घिरा रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार, रांची सहित कुछ जिलों में हल्की और छिटपुट बारिश की संभावना बनी हुई है। हालांकि, सोमवार यानी 9 सितंबर से राज्य में मौसम का मिजाज फिर बदल सकता है। विभाग ने गहरे बादल छाने, तेज बारिश और वज्रपात की चेतावनी जारी की है।

मौसम विज्ञान केंद्र, रांची के अनुसार, फिलहाल दक्षिणी झारखंड पर बना निम्न दबाव का क्षेत्र छत्तीसगढ़ की ओर बढ़ गया है। इसके चलते भारी बादलों में कमी आई है, लेकिन हल्की बारिश की स्थिति अब भी बनी हुई है।

बीते 24 घंटे का हाल

पिछले 24 घंटों में झारखंड में मानसून की सक्रियता कमजोर रही। केवल खूंटी, पूर्वी सिंहभूम और सिमडेगा जिलों में 20 मिमी से अधिक बारिश दर्ज की गई। अन्य जिलों में बारिश मामूली रही।

बारिश के आंकड़ों की बात करें तो, रांची में 1 जून से 5 सितंबर के बीच 1314.5 मिमी बारिश हो चुकी है, जो सामान्य औसत (855.9 मिमी) से 54% अधिक है। पूरे झारखंड की बात करें तो इस दौरान 1045.6 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई है, जो औसतन 24% ज्यादा है।

तापमान और आगामी पूर्वानुमान

मौसम साफ रहने के कारण अगले दो दिनों में अधिकतम तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी संभव है। इसके बाद तापमान में खास बदलाव की संभावना नहीं है।

रांची के मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने जानकारी दी कि दो दिन पहले ओडिशा के तटीय क्षेत्र में बना निम्न दबाव अब छत्तीसगढ़ पहुंच गया है, जिससे झारखंड में घने बादल छंट गए हैं। हालांकि, आने वाले दो दिन हल्के बादलों के बीच गुजरेंगे, लेकिन 9 सितंबर से राज्य के कई हिस्सों में घनघोर बारिश और वज्रपात की संभावना एक बार फिर प्रबल हो जाएगी।

 

Check Also

आदित्य साहू बने झारखंड प्रदेश भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष

रांची : आदित्य साहू झारखंड प्रदेश भारतीय जनता पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष बनाए गए हैं। …