पूर्वी चंपारण।बिहार के उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शनिवार को अपराधियों को सख्त चेतावनी दिया है। उन्होंने कहा कि राज्य में अपराध करने वाले या तो सुधर जाएं, नहीं तो पड़ोसी देश नेपाल की राह पकड़ लें।सरकार अपराध के खिलाफ किसी भी तरह की नरमी बरतने नही जा रही, अगर कोई नहीं मानेंगा तो, उन पर सख्त कानूनी कार्रवाई कर उन्हें समाप्त कर दिया जाएगा।उप मुख्यमंत्री पीपराकोठी स्थित कृषि विज्ञान केंद्र के अटल सभागार में आयोजित तीन दिवसीय लघु एवं सीमांत कृषक कार्यशाला सह मात्स्यिकी, यांत्रिकी, बागवानी एवं पशु मेला के उद्घाटन समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा अपराध नियंत्रण के लिए सरकार ने बिहार अपराध नियंत्रण विधेयक जैसे कड़े कदम उठाए हैं, ताकि अपराधियों के हौसले पूरी तरह पस्त किए जा सकें।
सम्राट चौधरी ने कहा कि सरकार किसानों और आम लोगों के हित में लगातार काम कर रही है। बीते 20 दिनों में बिहार के 50 लाख किसानों ने निबंधन कराया है। उन्होंने बताया कि राज्य में कुल 2.14 करोड़ विद्युत उपभोक्ता हैं,जिनमें 1.70 करोड़ उपभोक्ताओं का शून्य बिजली बिल आ रहा है।जिससे आम लोगो बड़ी राहत मिली है।
उन्होंने पूर्वी चंपारण के विकास कार्यों का जिक्र करते हुए कहा कि इसी वर्ष मोतिहारी और चकिया चीनी मिल पर काम शुरू होगा। इसके साथ ही मोतिहारी से रक्सौल और पटना से बेतिया फोरलेन सड़क निर्माण की प्रक्रिया भी प्रारंभ की जाएगी। पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए रक्सौल में बड़े एयरपोर्ट और मोतिहारी में छोटे एयरपोर्ट के निर्माण का कार्य भी जल्द शुरू किया जाएगा।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार उद्योग, कृषि और आधारभूत संरचना को मजबूत कर बिहार को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में काम कर रही है। पूर्वी चंपारण में विराट रामायण मंदिर निर्माण का जिक्र करते हुए कहा कि यहां प्रभु श्रीराम के साथ महादेव भी विराजमान हो गये।कार्यक्रम को कृषि मंत्री रामकृपाल यादव, सांसद सह पूर्व केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री राधामोहन सिंह सहित कई जनप्रतिनिधियों ने भी संबोधित किया।
Pravar Bani www.pravarbani.com