कोलकाता। सोमवार सुबह बंगाल की खाड़ी में गश्त के दौरान भारतीय तटरक्षक बल ने बांग्लादेश के एक ट्रॉलर को भारतीय जलसीमा में घुसते हुए पकड़ लिया। ट्रॉलर में कुल 15 मछुआरे थे। पूछताछ के बाद सभी को पुलिस के हवाले कर दिया गया।
सूत्रों के अनुसार, सुबह गश्त के दौरान तटरक्षक बल ने एक संदिग्ध ट्रॉलर को देखा। तटरक्षक बल की स्पीड बोट ने उसे पीछा कर रोका। पूछताछ में पता चला कि ट्रॉलर बांग्लादेश का है। इसके बाद 15 मछुआरों को हिरासत में लिया गया और ट्रॉलर सहित उन्हें दक्षिण 24 परगना के फ्रेजरगंज लाया गया।
फ्रेजरगंज तटीय थाना पुलिस ने सभी मछुआरों को अवैध घुसपैठ के आरोप में गिरफ्तार किया। पुलिस सूत्रों के अनुसार पकड़े गए बांग्लादेशी ट्रॉलर का नाम एफबी अल्ला मालिक है।
सुन्दरबन मछुआरा संघ के सचिव सतिनाथ पात्र ने बताया कि सर्दियों में भारतीय जलसीमा में एक खास तरह की मछली मिलती है जिसकी बांग्लादेश में काफी मांग है। इसी कारण बांग्लादेशी ट्रॉलर बार-बार भारतीय सीमा का उल्लंघन करते हैं। पिछले दिनों भी कई बार ऐसे ट्रॉलर पकड़े गए हैं।
Pravar Bani www.pravarbani.com