04/04/26
Breaking News

रांची के हरमू मैदान में क्षत्रिय गौरव महारैली, दिग्गज नेताओं का होगा जुटान

रांची: झारखंड में पहली बार क्षत्रिय समाज की महाजुटान महारैली 22 फरवरी 2026 को रांची के हरमू मैदान में आयोजित की जाएगी। इस ऐतिहासिक रैली में 50 हजार से अधिक लोग शामिल होने का अनुमान है। यह जानकारी क्षत्रिय गौरव यात्रा झारखंड के प्रदेश संयोजक प्रवीण सिंह ने प्रेस क्लब में आयोजित प्रेस वार्ता में दी।

प्रवीण सिंह ने बताया कि पिछले तीन महीनों से झारखंड में क्षत्रिय गौरव यात्रा चल रही है। इस यात्रा के दौरान प्रखंडों और जिलों का दौरा कर समाज के लोग अपने साथी सदस्यों को रैली में शामिल होने के लिए प्रेरित कर रहे हैं। महारैली के दिन ही क्षत्रिय गौरव यात्रा का समापन होगा।

उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य समाज के लोगों को एक मंच पर लाना और उनकी आर्थिक, सामाजिक व शैक्षणिक व्यवस्था में सुधार के उपाय तलाशना है। यह रैली राजनीतिक नहीं, बल्कि सामाजिक उद्देश्य से आयोजित की जा रही है। झारखंड में विभिन्न नामों से अलग-अलग क्षत्रिय संगठन हैं और इस रैली के माध्यम से उन्हें एकजुट करने का प्रयास किया जा रहा है।

प्रवीण सिंह ने कहा कि रैली में झारखंड के विभिन्न जिलों में बिखरे हुए क्षत्रिय समुदाय, जैसे संथाल परगना के घटवार जाति के लोग भी शामिल होंगे। उनका इतिहास गौरवशाली रहा है और उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

महारैली की तैयारियां पूरे झारखंड में शुरू हो गई हैं। समाज के लोग अपने गांवों और इलाकों में बैठकें कर रहे हैं और लोगों को रैली में आने के लिए प्रेरित कर रहे हैं। रैली में महिलाओं और परिवारों की भी बड़ी संख्या में भागीदारी होगी।

रैली के बाद समाज की विभिन्न समस्याओं पर चर्चा कर समाधान निकालने का प्रयास किया जाएगा। इसके अलावा रैली में उत्तर प्रदेश के नेता राजा भैया और बिहार के सांसद राजीव प्रताप रूडी के आने की संभावना भी जताई जा रही है।

Check Also

झारखंड हाई कोर्ट ने ग्रामीण विकास विभाग के सचिव को जवाब दाखिल करने का दिया अंतिम मौका

रांची। झारखंड उच्च न्यायालय ने ग्रामीण विकास विभाग द्वारा बनाए गए पुलों के टूटने से …