02/04/26
Breaking News

25वीं वर्षगांठ पर शुरू हुआ स्वैच्छिक रक्तदान महाअभियान, मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने किया शुभारंभ

रांची। झारखंड राज्य की स्थापना की 25वीं वर्षगांठ के अवसर पर आज मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने झारखंड मंत्रालय में आयोजित मेगा रक्तदान शिविर में रक्तदान कर स्वैच्छिक रक्तदान महाअभियान का शुभारंभ किया। यह अभियान 12 नवंबर से 28 नवंबर तक पूरे राज्य में चलेगा।

मुख्यमंत्री ने रक्तदान करते हुए राज्यवासियों को संदेश दिया कि “रक्तदान महादान है, आपका दिया हुआ रक्त किसी जरूरतमंद की जिंदगी बचा सकता है।” उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि वे इस स्वैच्छिक रक्तदान अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और इसे जनआंदोलन का रूप दें।

मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड अपनी 25वीं वर्षगांठ पर एक नए संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है — अब पूरा राज्य जीवनदान का केंद्र बनेगा। उन्होंने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि राज्य में किसी अस्पताल में रक्त की कमी से किसी की जान न जाए।

स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग द्वारा आयोजित इस महाअभियान के तहत राज्यभर में विशेष रक्तदान शिविर लगाए जा रहे हैं। इन शिविरों में आम नागरिकों, संस्थानों, सामाजिक संगठनों और युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के साथ मंत्री राधा कृष्ण किशोर, मंत्री इरफान अंसारी, मंत्री हफीजुल हसन, मंत्री योगेंद्र प्रसाद महतो, मंत्री सुदिव्य कुमार, मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की, मुख्य सचिव अविनाश कुमार, और स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री ने कहा, “यह महाअभियान केवल रक्तदान का कार्यक्रम नहीं, बल्कि जीवन बचाने का संकल्प है। आइए, हम सब मिलकर झारखंड को जीवनदायिनी राज्य बनाने की दिशा में एकजुट हों।”

Check Also

झारखंड हाई कोर्ट ने ग्रामीण विकास विभाग के सचिव को जवाब दाखिल करने का दिया अंतिम मौका

रांची। झारखंड उच्च न्यायालय ने ग्रामीण विकास विभाग द्वारा बनाए गए पुलों के टूटने से …