01/04/26
Breaking News

रांची के उपायुक्त ने जिला प्रशासन की टीम के साथ छठ घाटों का किया निरीक्षण श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा होगी सर्वोच्च प्राथमिकता

रांचीः  आगामी छठ पर्व को लेकर उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी मंजूनाथ भजन्त्री ने बुधवार को जिला प्रशासन की पूरी टीम के साथ राजधानी के प्रमुख छठ घाटों का निरीक्षण किया। उन्होंने घाटों पर सफाई, सुरक्षा, प्रकाश, पेयजल, बैरिकेडिंग और यातायात प्रबंधन की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान प्रशासनिक टीम कांके डैम, हटनिया तालाब, चडरी तालाब, बड़ा तालाब (रांची झील) और धुर्वा डैम जैसे प्रमुख घाटों पर पहुंची। उपायुक्त ने अधिकारियों को मौके पर ही निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए और सभी तैयारियां समय पर पूरी की जाएं।
डीसी ने कहा कि सभी प्रमुख घाटों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं। उन्होंने निर्देश दिया कि पुलिस बल के साथ SDRF और NDRF की टीमें भी घाटों पर तैनात रहें। उन्होंने बैरिकेडिंग, गोताखोरों की मौजूदगी और कंट्रोल रूम की सक्रियता सुनिश्चित करने को कहा।
उपायुक्त भजन्त्री ने श्रद्धालुओं से अपील की कि वे केवल सुरक्षित गहराई तक ही जल में प्रवेश करें और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। उन्होंने कहा कि छठ पर्व के दौरान स्वच्छता, संयम और सुरक्षा तीनों ही आवश्यक हैं।
स्वच्छता और प्रकाश व्यवस्था को लेकर नगर निगम को निर्देश दिया गया कि सभी घाटों की सफाई, कचरा निस्तारण और कीचड़ हटाने का कार्य पूरा किया जाए। बिजली विभाग को घाटों पर पर्याप्त लाइट की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया ताकि अर्घ्य के समय श्रद्धालुओं को कोई परेशानी न हो।
निरीक्षण के दौरान डीसी ने पूजा समिति के सदस्यों से संवाद किया और स्थानीय तैयारियों की जानकारी ली। उन्होंने समितियों से अपील की कि वे प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर काम करें ताकि पर्व शांति और सौहार्द के माहौल में संपन्न हो।
उपायुक्त ने सिविल सर्जन को निर्देश दिया कि सभी प्रमुख घाटों पर एम्बुलेंस और मेडिकल टीम तैनात रहें ताकि किसी आकस्मिक स्थिति में तुरंत सहायता मिल सके।
निरीक्षण के दौरान वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन, एडीएम (विधि-व्यवस्था) राजेश्वरनाथ आलोक, एसडीओ उत्कर्ष कुमार, यातायात एसपी राकेश सिंह, डीपीआरओ उर्वशी पांडेय सहित नगर निगम, बिजली, पीएचईडी और अन्य विभागों के पदाधिकारी मौजूद रहे।

Check Also

झारखंड हाई कोर्ट ने ग्रामीण विकास विभाग के सचिव को जवाब दाखिल करने का दिया अंतिम मौका

रांची। झारखंड उच्च न्यायालय ने ग्रामीण विकास विभाग द्वारा बनाए गए पुलों के टूटने से …