01/04/26
Breaking News

राँची हुआ राममय, राजन जी महाराज की रामकथा में उमडे भक्त

राँची। राजधानी राँची का माहौल बुधवार को रामभक्ति में सराबोर हो गया, जब विश्वप्रसिद्ध कथावाचक पूज्य श्री राजन जी महाराज की त्रिदिवसीय श्रीराम कथा का भव्य शुभारंभ मेथान पैलेस में हुआ। पहले ही सत्र में हज़ारों की संख्या में भक्तजन उपस्थित रहे और उत्साह तथा श्रद्धा के साथ कथा श्रवण किया।

कथा के प्रारंभ में महाराज श्री ने राँची वासियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा,
“यह आपका प्रेम ही है जो खींचकर हमें पुनः झारखंड की पावन धरती पर ले आया है। आप पूजन-अर्चन और व्यस्त जीवन से समय निकालकर रामकथा में बैठे हैं, यह आपका भक्ति भाव ही है।”

शिव-पार्वती विवाह प्रसंग से हुई कथा की शुरुआत

कथा का शुभारंभ मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के स्मरण के साथ हुआ। श्री महाराज ने शिव-पार्वती विवाह प्रसंग के माध्यम से कथा प्रवाह को आगे बढ़ाया। उन्होंने बताया कि रामकथा की शुरुआत इसी प्रसंग से इसलिए होती है क्योंकि “गोस्वामी तुलसीदासजी ने संपूर्ण रामकथा शिवजी के श्रीमुख से कहलाई है। इसलिए कथा में प्रथम वंदना भोलेनाथ की होती है।”

“राम कौन हैं?” – प्रश्न से आगे बढ़ी कथा

महाराज श्री ने आगे भारद्वाज ऋषि और याज्ञवल्क्य ऋषि के संवाद का उल्लेख करते हुए रामत्व की व्याख्या की। उन्होंने कहा –
“प्रश्न केवल इतना नहीं कि राम कौन हैं, बल्कि यह भी कि हम राम को अपने जीवन में कैसे उतारें। भक्ति सिर्फ पूजा-पाठ तक सीमित नहीं, बल्कि जीवन के हर कार्य में ईश्वर को केंद्र में स्थापित करना ही सच्चा साधन है।”

भजनों ने बांधा समा

कथा के बीच-बीच में महाराज श्री द्वारा प्रस्तुत भजनों ने ऐसा भक्तिमय वातावरण बनाया कि श्रोतागण झूम उठे। उनके गाए भजन आम जनमानस में बेहद लोकप्रिय हैं और सोशल मीडिया पर खूब साझा किए जाते हैं।

भव्य आयोजन

पहले दिन की कथा में स्त्री-पुरुष, युवा और वरिष्ठ नागरिकों सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। पूरा पांडाल “जय श्रीराम” और “हर-हर महादेव” के जयघोष से गूंज उठा। आयोजकों के अनुसार अगले दो दिनों तक कथा प्रतिदिन निर्धारित समय पर जारी रहेगी।

आयोजन समिति ने सभी भक्तों से समय पर पहुँचने और कथा का दिव्य लाभ लेने की अपील की है।

इस अवसर पर मुख्य रूप से श्री राम कथा आयोजन ट्रस्ट के संयोजक राजेश गुप्ता, चंदन कुमार,शिव अग्रवाल, पप्पू सिंह, अभिमन्यु प्रसाद, सूरज कुमार , आशुतोष द्विवेदी, संगीता प्रसाद, जितेंद्र भगतिया, धरणी धर जैना, अमित कुमार आदि कई मुख्य रूप से उपस्थित थे।

Check Also

झारखंड हाई कोर्ट ने ग्रामीण विकास विभाग के सचिव को जवाब दाखिल करने का दिया अंतिम मौका

रांची। झारखंड उच्च न्यायालय ने ग्रामीण विकास विभाग द्वारा बनाए गए पुलों के टूटने से …