25/02/26
Breaking News

मुख्यमंत्री हेमंत ने आईएएस वाइव्स एसोसिएशन के दिवाली मेले का किया उद्घाटन, कहा जनसरोकार को सर्वोपरि रखें संस्थाएं

रांची। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने गुरुवार को रांची के मोरहाबादी मैदान में झारखंड आईएएस ऑफिसर्स वाइव्स एसोसिएशन (जेसोवा) की ओर से आयोजित पांच दिवसीय “दिवाली मेला-2025” का उद्घाटन किया।
इस मौके पर उन्होंने कहा कि जेसोवा अपने शुरुआती दौर से ही जनहित के कार्यों के लिए समर्पित संस्था रही है। यह अनुकरणीय पहल है कि संस्था की ओर से आयोजित दिवाली मेले से प्राप्त आमदनी गरीबों और जरूरतमंदों के कल्याण तथा शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे सामाजिक उत्थान कार्यों में उपयोग की जाती है। अन्य संस्थाओं को भी ऐसी पहल करनी चाहिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कई संस्थाएं त्योहारों के दौरान मेले आयोजित करती हैं, पर जेसोवा की पहचान समाज सेवा और मानवीय सरोकारों से है। उन्होंने कहा, “इस संस्था ने शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किया है। आज संस्था की ओर से पुस्तकालय की शुरुआत और सामाजिक कार्यों में योगदान देने वाले लोगों को सम्मानित करना सराहनीय पहल है।”
मुख्यमंत्री ने जेसोवा की सभी सदस्याओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह संस्था मुख्य रूप से आईएएस अधिकारियों की अर्धांगिनियों द्वारा संचालित होती है और इनके प्रयासों से समाज के जरूरतमंद वर्ग को निरंतर लाभ मिल रहा है। उन्होंने कहा, “आप सभी की मेहनत और सेवा भावना से समाज में सकारात्मक परिवर्तन आ रहा है। जेसोवा दिवाली मेला-2025 की सफलता के लिए मैं हार्दिक बधाई देता हूं।”
कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, विधायक कल्पना सोरेन, मुख्य सचिव अविनाश कुमार और अन्य अतिथियों ने मेले का परिभ्रमण किया। विधायक कल्पना सोरेन ने जेसोवा सदस्यों को दिवाली मेले की सफलता के लिए बधाई दी और उनके सामाजिक प्रयासों की सराहना की।
इस अवसर पर राज्य के मुख्य सचिव अविनाश कुमार, विभिन्न विभागों के सचिव, वरिष्ठ अधिकारी तथा जेसोवा की अध्यक्ष प्रीति कुमार, उपाध्यक्ष अनीता सिन्हा, सचिव मनु झा सहित संस्था की अन्य सदस्य उपस्थित रहीं।

Check Also

राज्य में दुष्कर्म और बच्चा चोरी का ग्राफ लगातार बढ़ रहा है : प्रतुल

खूंटी। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल नाथ शाहदेव ने कहा है कि …