15/02/26
Breaking News

महाशिवरात्रि पर रांची के तमाम शिवालयों में उमड़ी रही श्रद्धालुओं की भीड़

रांची। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर झारखंड की राजधानी रांची के शिवालयों में रविवार सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। शहर के प्रसिद्ध पहाड़ी मंदिर सहित अन्य प्रमुख मंदिरों में शिव भक्तों का तांता लगा हुआ है। श्रद्धालु भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक कर अपने और परिवार की सुख-समृद्धि, स्वास्थ्य एवं शांति की कामना कर रहे हैं।

महाशिवरात्रि के अवसर पर पहाड़ी मंदिर, कोकर शिव मंदिर, बूटी मोड़, लालपुर, बरियातू, चुटिया स्थित सुरेश्वर धाम, नामकुम के मराशिली पहाड़, हिनू, डोरंडा और धुर्वा सहित शहर के विभिन्न शिवालयों में सुबह से ही भक्तों की लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं। मंदिर परिसरों में बज रहे शिव भजनों और “हर-हर महादेव” के जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया है।

पहाड़ी मंदिर में सुबह सरकारी पूजा संपन्न होने के बाद आम श्रद्धालुओं के लिए मंदिर के कपाट खोल दिए गए। इसके बाद बड़ी संख्या में भक्तों ने भगवान शिव का जलाभिषेक किया। मंदिर प्रबंधन के अनुसार, अब तक लगभग 35 हजार श्रद्धालु बाबा भोलेनाथ पर जल अर्पित कर चुके हैं।

श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन और मंदिर प्रबंधन ने विशेष इंतजाम किए हैं। महिलाओं और पुरुषों के लिए अलग-अलग कतारों की व्यवस्था की गई है, जिससे कि श्रद्धालु सुगमता से पूजा-अर्चना कर सकें। गर्भगृह में अरघा प्रणाली के माध्यम से जलाभिषेक कराया जा रहा है, जिससे व्यवस्था सुव्यवस्थित बनी हुई है।

मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी कोतवाली पुलिस उपाधीक्षक प्रकाश सोए और सुखदेव नगर थाना प्रभारी द्वारा की जा रही है। सुरक्षा के मद्देनज़र मंदिर परिसर में सीसीटीवी कैमरों से लगातार निगरानी की जा रही है और पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है। इसके अलावा, शहर के अन्य प्रमुख मंदिरों में भी सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।

महाशिवरात्रि के अवसर पर शहर के कई स्थानों पर शिव बारात निकालने की भी तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। पूरे शहर में श्रद्धा, भक्ति और उत्साह का माहौल है। शिव भक्त पूरे उल्लास के साथ भगवान भोलेनाथ की आराधना में जुटे हुए हैं।-

Check Also

नरेंद्र मोदी सोमवार को भारत मंडपम में करेंगे इंडिया एआई इम्पैक्ट एक्सपो 2026 का उद्घाटन

नई दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सोमवार शाम नयी दिल्ली के भारत मंडपम में इंडिया …