मथुरा जिले के लिए धनतेरस पर्व बेहद ऐतिहासिक और खास होने जा रहा है। यहां वृंदावन के ठाकुर श्री बांकेबिहारी जी महाराज के मंदिर में पिछले 54 वर्षों से बंद पड़े तोशखाने (खजाना) को शनिवार काे मंदिर की हाई पावर्ड मंदिर प्रबंधन कमेटी के आदेश पर खोला जा रहा है। टीम मंदिर के अंदर प्रवेश कर चुकी है। वहीं गोस्वामी हंगामा कर रहे हैं। उनकी मांग है कि खजाने में से जो भी निकले, उसे मंदिर के बाहर स्क्रीन लगाकर लाइव किया जाए। सब की निगाह तोशखाने पर लगी हुई है। कहा जा रहा है कि इस खजाने में सोने-चांदी के आभूषण, कीमती वस्तुएं, प्राचीन धरोहरें और धार्मिक उपहार शामिल हो सकते हैं, जो दशकों से ताले में बंद पड़े हैं।
यह पूरी प्रक्रिया सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों और हाई पावर मैनेजमेंट कमेटी की देखरेख में की जा रही है। कमेटी ने 29 सितंबर को निर्णय लिया था कि मंदिर के ’तोशखाना’ यानी खजाने वाले कमरे को खोला जाएगा। तब से ही तैयारी जोरों पर थी और आखिरकार शनिवार को दोपहर तीन बजे के बाद ताला खोला गया। मंदिर से जुड़े सदस्यों के अनुसार, खजाना जिस कमरे में रखा गया है, वह मंदिर के गर्भगृह के बिल्कुल पास स्थित है। लंबे समय से यह कमरा बंद है और केवल चुनिंदा पुजारियों व प्रशासनिक अधिकारियों को ही इसकी जानकारी थी। अब जब इसे खोला जाएगा, तो इसके भीतर क्या-क्या मिलेगा, यह सभी के लिए रहस्य बना हुआ है। श्रद्धालु बड़ी संख्या में मंदिर पहुंचकर इस ऐतिहासिक पल के साक्षी बनने की तैयारी में हैं।
Pravar Bani www.pravarbani.com