रांची : बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में एनडीए की बंपर जीत के बाद 20 नवंबर को नीतीश कुमार 10वीं बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे. पटना के गांधी मैदान में होनेवाले शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए झारखंड के मुख्यमंत्री और झारखंड मुक्ति मोर्चा के केंद्रीय अध्यक्ष हेमंत सोरेन को न्योता नहीं मिला है. इसकी जानकारी देते हुए पार्टी के केंद्रीय महासचिव विनोद पांडेय ने नीतीश कुमार और उनके नए मंत्रिमंडल में शामिल होने वाले नेताओं को शुभकामनाएं दी.
झामुमो के केंद्रीय महासचिव विनोद पांडेय ने कहा कि बिहार में जो जनादेश आया है उसके लिए झारखंड मुक्ति मोर्चा बिहारवासियों और जीत हासिल करने वाले दलों को शुभकामनाएं देता है, लेकिन इस सवाल का जवाब भी चाहता है कि कैसे बिहार में जनादेश, ज्ञानदेश में बदल गया. झारखंड मुक्ति मोर्चा के केंद्रीय महासचिव और कोषाध्यक्ष विनोद पांडेय ने कहा कि बिहार विधानसभा चुनाव के समय वहां के इंडिया ब्लॉक के नेताओं ने कई सवाल उठाए थे, उसका जवाब बिहार, झारखंड और देश की जनता जानना चाहती है.
Pravar Bani www.pravarbani.com