25/02/26
Breaking News

नक्सली एरिया कमेटी सदस्य शिवलाल हेम्ब्रम व पत्नी सरिता हांसदा ने गिरिडीह में किया आत्मसमर्पण

गिरिडीह: गिरिडीह पुलिस को जहां नक्सल विरोधी अभियान में बड़ी सफलता हासिल हुई है,वहीं झारखंड सरकार की आत्मसमर्पण एवं पुनर्वास नीति नई दिशा – एक नई पहल से प्रभावित होकर भाकपा (माओवादी) संगठन के एरिया कमेटी सदस्य शिवलाल हेम्ब्रम उर्फ शिवा और उनकी पत्नी दस्ता सदस्य सरिता हांसदा उर्फ उर्मिला ने बुधवार को गिरिडीह पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया।

दोनों ने पुलिस अधीक्षक, उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी, अपर पुलिस अधीक्षक (अभियान), पुलिस उपमहानिरीक्षक, सीआरपीएफ 154 बटालियन कमांडेंट, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, डुमरी तथा अन्य पुलिस पदाधिकारियों की उपस्थिति में स्वेच्छा से आत्मसमर्पण किया।

शिवलाल हेम्ब्रम (उम्र 25 वर्ष) टेसाफुली,थाना मधुबन निवासी है और संगठन में एरिया कमेटी सदस्य के रूप में सक्रिय थे। वहीं उनकी पत्नी सरिता हांसदा (उम्र 19 वर्ष), निवासी चतरो थाना खुखरा, दस्ता सदस्य के रूप में कार्यरत थीं। पुलिस के अनुसार, शिवलाल वर्ष 2017 में नक्सली संगठन से जुड़े थे।

शुरुआत में उन्होंने संतरी और रसोइए के रूप में काम किया था। बाद में उन्हें माओवादी कमांडर करम दा उर्फ विवेक का अंगरक्षक बनाया गया और वर्ष 2022 में एरिया कमेटी सदस्य के पद पर पदोन्नत किया गया। संगठन में रहकर उन्होंने वि’स्फोटक और हथियार छुपाने, ग्रामीणों से लेवी वसूली और पुलिस बलों पर हमले जैसी कई नक्सली गतिविधियों में भाग लिया था।

सरिता को वर्ष 2020 में जया दी द्वारा संगठन में शामिल किया गया था और वर्ष 2024 में दोनों ने आपस में विवाह किया। पुलिस ने बताया कि संगठन के शीर्ष कमांडरों द्वारा शोषण, ग्रामीणों पर अत्याचार और पुलिस कार्रवाई से भयभीत होकर दोनों ने संगठन छोड़ने का मन बनाया। गिरिडीह पुलिस लगातार उनके परिजनों के संपर्क में थी और उन्हें आत्मसमर्पण के लिए प्रेरित कर रही थी। आत्मसमर्पण के बाद दोनों को राज्य सरकार की पुनर्वास नीति के तहत लाभ दिया जाएगा। पुलिस के अनुसार, शिवलाल के खिलाफ गिरिडीह,डुमरी,खुखरा,मधुबन, चतरोचट्टी और जगेश्वर विहार थाना क्षेत्रों में हत्या, विस्फोटक पदार्थ अधिनियम, यूएपीए और आर्म्स एक्ट से संबंधित कुल 11 मामले दर्ज हैं। सरिता के विरुद्ध भी कई नक्सली मामलों में प्राथमिकी दर्ज हैं।

पुलिस अधीक्षक ने कहा कि इस आत्मसमर्पण से भाकपा (माओवादी) संगठन को बड़ा झटका लगेगा और अन्य माओवादियों को भी मुख्यधारा से जुड़ने की प्रेरणा मिलेगी। गिरिडीह पुलिस ने जिले में नक्सल उन्मूलन के प्रयासों में इसे एक बड़ी सफलता बताया ।

Check Also

राज्य में दुष्कर्म और बच्चा चोरी का ग्राफ लगातार बढ़ रहा है : प्रतुल

खूंटी। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल नाथ शाहदेव ने कहा है कि …