03/10/25
Breaking News

नई दिल्ली में वर्ल्ड फूड इंडिया एक्सपो में लगा झारखंडी व्यंजनों का स्टॉल,उद्योग मंत्री संजय प्रसाद यादव ने किया झारखंड मंडप का उद्घाटन

रांची : झारखंड का प्राकृतिक सौंदर्य और स्वादिष्ट व्यंजन अब देश और दुनिया में अपनी पहचान बनाने के कगार पर हैं। इस दिशा में राज्य सरकार हर संभव प्रयास कर रही है और इसके लिए खाद्य प्रसंस्करण उद्योग से जुड़े उद्यमियों से विशेष पहल और सहयोग की अपील की जा रही है।
उद्योग मंत्री संजय प्रसाद यादव ने गुरुवार को दिल्ली के भारत मंडपम में शुरू हुए वर्ल्ड फूड इंडिया 2025 के अवसर पर झारखंड मंडप का उद्घाटन करते हुए कहा कि राज्य का मिशन है “स्वादिष्ट भोजन, स्वस्थ शरीर।” मंत्री ने सभी उद्यमियों से अपील की कि वे इस मिशन से जुड़ें और झारखंड के खाद्य पदार्थों को देश-दुनिया में पहचान दिलाने में योगदान दें।
मंत्री ने कहा कि झारखंड अपने कई स्वादिष्ट और स्वास्थ्यवर्धक खाद्य पदार्थों के लिए जाना जाता है। राज्य में बनने वाला मडुआ, इसके व्यंजन और रोटियां बेहद पौष्टिक हैं। साथ ही उड़द दाल से बने व्यंजन न केवल स्वादिष्ट बल्कि स्वास्थ्यवर्धक भी हैं। इसके अलावा राज्य के स्थानीय और क्षेत्रीय व्यंजन देश-दुनिया में अपनाए जाने योग्य हैं और स्वाद तथा स्वास्थ्य दोनों में नया आयाम जोड़ सकते हैं।
उन्होंने झारखंड के वनोपज पर भी विशेष प्रकाश डाला। मंत्री ने कहा कि तसर रेशम और अन्य प्राकृतिक उत्पाद पूरी दुनिया में झारखंड की खास पहचान हैं। उन्होंने मिलावट और नकली उत्पादों के बढ़ते चलन पर चिंता जताते हुए कहा कि मौलिक और प्राकृतिक खाद्य पदार्थों के उत्पादन में वृद्धि पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है।
मंत्री ने झारखंड के लोगों से भी अपील की कि वे स्थानीय खाद्य पदार्थों की खपत बढ़ाएं और उनकी विशेषताओं को देश-दुनिया तक पहुंचाएं, ताकि लोग उनकी पहचान और गुणवत्ता को समझकर अपनाएं। इस अवसर पर उद्योग निदेशक विशाल सागर भी मौजूद रहे।

Check Also

आदित्य साहू बने झारखंड प्रदेश भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष

रांची : आदित्य साहू झारखंड प्रदेश भारतीय जनता पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष बनाए गए हैं। …