04/04/26
Breaking News

राज्यपाल से मिले आदिवासी संगठन के लोग, सौंपा ज्ञापन

रांची। झारखंड में आदिवासियों के एक प्रमुख संगठन आदिवासी सरना विकास समिति के प्रतिनिधिमंडल ने गुरुवार राजभवन में राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार से मुलाकात के प्रदेश में चर्च मिशनरियों द्वारा कथित रूप से अंधविश्वास फैलाने और अवैध धर्मांतरण कराने की शिकायत की। समिति ने इस संबंध में राज्यपाल को एक ज्ञापन सौंपा और ऐसी गतिविधियों पर रोक लगाने की मांग की।
समिति ने ज्ञापन में उल्लेख किया है कि रांची जिले के नामकुम प्रखंड की हरदाग पंचायत अंतर्गत ग्राम चान्द में पिछले एक वर्ष से झारखंड महाअभिषेक चर्च के नाम पर बिना किसी प्रशासनिक अनुमति के टेंट-पंडाल लगाकर धार्मिक सभाएं की जा रही हैं। इन आयोजनों में यह दावा किया जाता है कि “प्रभु यीशु के नाम पर प्रार्थना करने से अंधा, लंगड़ा, बहरा, गुंगा, एड्स और महामारी जैसी बीमारियां ठीक हो सकती हैं।” समिति ने आरोप लगाया कि इस तरह की सभाओं के जरिए लोगों को बहलाकर गुप्त रूप से धर्मांतरण कराया जा रहा है।
प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन अन्य क्षेत्रों में भी तेजी से फैल रहे हैं। बताया गया है कि द जीसस इज लाइफ चर्च मैदान, अनगड़ा में 20 से 22 अक्टूबर तक “शुभ संदेश एवं प्रार्थना सभा” का आयोजन किया जा रहा है। इसी तरह एचईसी, धुर्वा स्थित प्रभात तारा मैदान में 23 से 25 अक्टूबर तक “झारखंड रिवाइवल मीटिंग–2025” और गुमला के एयरोड्रम मैदान में “झारखंड प्रार्थना महोत्सव” का आयोजन 15 से 17 अक्टूबर तक किया जा रहा है।
समिति के सदस्यों ने राज्यपाल से अनुरोध किया कि ऐसी गतिविधियों पर रोक लगाने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए राज्य सरकार व जिला प्रशासन को सख्त निर्देश दिए जाएं। प्रतिनिधिमंडल में समिति के पदाधिकारियों के साथ कई सामाजिक कार्यकर्ता भी शामिल रहे।

Check Also

झारखंड हाई कोर्ट ने ग्रामीण विकास विभाग के सचिव को जवाब दाखिल करने का दिया अंतिम मौका

रांची। झारखंड उच्च न्यायालय ने ग्रामीण विकास विभाग द्वारा बनाए गए पुलों के टूटने से …