22/02/26
Breaking News

रांची के उपायुक्त ने समाहरणालय के विभिन्न कार्यालयों का किया औचक निरीक्षण

रांची : रांची के उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने शनिवार को रांची समाहरणालय भवन (ब्लॉक ए एवं ब्लॉक बी) का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न विभागीय कार्यालयों की कार्यप्रणाली, उपस्थिति पंजी, स्वच्छता व्यवस्था और नागरिक सुविधाओं का जायजा लिया।
उपायुक्त ने जिला आपूर्ति कार्यालय, जन संपर्क कार्यालय, समाज कल्याण विभाग, जिला कल्याण कार्यालय, विशिष्ट अनुभाजन कार्यालय और कोषागार कार्यालय सहित कई इकाइयों का निरीक्षण किया।
उपायुक्त ने कर्मचारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि वे समय पर कार्यालय में उपस्थित हों और अपने कर्तव्यों का निष्ठा व ईमानदारी से निर्वहन करें। उन्होंने बायोमेट्रिक उपस्थिति रजिस्टर और टेबल नेम प्लेट की जांच की।
भजन्त्री ने कहा कि भ्रष्टाचार के मामलों में जिला प्रशासन की जीरो टॉलरेंस नीति है। यदि किसी कर्मचारी के खिलाफ भ्रष्टाचार की शिकायत जांच में सही पाई जाती है, तो तत्काल कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि समाहरणालय आने वाले आम नागरिकों की समस्याएं ध्यानपूर्वक सुनी जाएं और उनके साथ शालीनता से व्यवहार किया जाए।
निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने नो पार्किंग क्षेत्र में खड़े वाहनों का चालान करने का आदेश दिया, जिसके बाद परिवहन विभाग ने तत्काल कार्रवाई की। उन्होंने समाहरणालय परिसर में स्वच्छता, सुनियोजित पार्किंग, आगंतुकों के लिए बैठने की व्यवस्था और पेयजल सुविधा सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
उपायुक्त ने कहा कि जिला प्रशासन, रांची को “श्रेष्ठ जिला” बनाने के लिए संकल्पित है और इसके लिए सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को मिलकर कार्य करना होगा। जनता से अपील की गई कि किसी भी समस्या या शिकायत के लिए समाहरणालय के संबंधित कार्यालयों से संपर्क करें।
निरीक्षण के समय अनुमंडल पदाधिकारी सदर उत्कर्ष कुमार, अपर समाहर्ता रामनारायण सिंह, अपर जिला दंडाधिकारी (विधि-व्यवस्था) राजेश्वर नाथ आलोक सहित कई वरीय अधिकारी उपस्थित थे।

Check Also

झामुमो ने नगर निगम चुनाव में आचार संहिता उल्लंघन का लगाया आरोप, चुनाव आयोग से की हस्तक्षेप की मांग

रांची। रांची नगर निगम चुनाव को लेकर सियासी माहौल गरमा गया है। झारखंड मुक्ति मोर्चा …