रांची : मोरहाबादी मैदान में मंगलवार से जेसीआई रांची का एक्सपो उत्सव 2025 भव्य अंदाज में शुरू हुआ। झारखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री योगेंद्र प्रसाद ने दीप प्रज्वलित कर मेले का उद्घाटन किया। इस वर्ष एक्सपो 16 से 22 सितंबर तक चलेगा, जिसमें देश-विदेश से आए 400 से अधिक स्टॉल 9 अलग-अलग हैंगर में सजे हैं।
कार्यक्रम के दौरान जेसी ऋषभ जैन ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया और जेसीआई की गतिविधियों से अवगत कराया। इसके बाद अध्यक्ष प्रतीक जैन ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि रांचीवासी एक्सपो का साल भर बेसब्री से इंतजार करते हैं। उन्होंने बिगुल बजाकर आयोजन का औपचारिक शुभारंभ किया। एक्सपो चीफ सिद्धार्थ जायसवाल ने बताया कि इस बार स्टार्टअप जोन और लोकल स्टॉल्स पर विशेष ध्यान दिया गया है, ताकि नए उद्यमियों को प्रोत्साहन मिले।
मेले में पिंक हैंगर, एग्जीबिटर हैंगर, फनगोला, फूड कोर्ट, अर्बन ज़ोन, ऑटो ज़ोन और कंज्यूमर हैंगर मुख्य आकर्षण हैं। वहीं मैदान के बीचों-बीच पारंपरिक सजावट के जरिए गाँव और हाट-बाज़ार का दृश्य प्रस्तुत किया गया है।
मंच से संबोधित करते हुए मंत्री योगेंद्र प्रसाद ने कहा कि एक्सपो जैसे आयोजन व्यापारियों को संगठित करने के साथ-साथ प्रदेश की अर्थव्यवस्था को नई गति देने का काम करते हैं। उन्होंने जेसीआई रांची की सराहना करते हुए कहा कि यह आयोजन रांची और झारखंड की गरिमा को नई ऊँचाई देगा। “यहाँ आकर ऐसा अनुभव हुआ जैसे मैं विदेश के किसी भव्य आयोजन में शामिल हूँ,” उन्होंने कहा।
सचिव सन्नी केडिया ने सभी अतिथियों, स्पॉन्सर्स और पार्टनर्स का आभार जताया और रांचीवासियों को एक्सपो उत्सव में शामिल होने का आमंत्रण दिया। मौके पर शहर के अन्य संस्थाओं के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
उद्घाटन के साथ ही रांचीवासियों का इंतजार खत्म हुआ। एक्सपो के तहत हर दिन नए कार्यक्रम होंगे। बुधवार को एक्सपो ट्रेजर हंट और डॉग शो का आयोजन किया जाएगा।