03/10/25
Breaking News

झारखंड में 9 अक्टूबर तक होती रहेगी वर्षा

रांची। झारखंड के ज्यादातर इलाकों में पिछले पांच दिनों से जारी बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। रांची स्थित मौसम विज्ञान केंद्र ने राज्य के ज्यादातर इलाकों में अगले 9 अक्टूबर तक वर्षा जारी रहने की संभावना व्यक्त की है। रांची, गुमला, हजारीबाग, बोकारो, खूंटी, रामगढ़ और धनबाद जिलों के लिए जारी ऑरेंज अलर्ट में कहा गया है कि यहां भारी से अति भारी बारिश हो सकती है। अन्य जिलों में भी भारी वर्षा का येलो अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम पूर्वानुमान में बताया गया है कि आंतरिक ओडिशा पर सक्रिय एक निम्न दबाव के क्षेत्र के कारण राज्य के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है। मौसम विभाग ने लोगों से इन गंभीर मौसमी चेतावनियों को देखते हुए सतर्कता बरतने की अपील की है।
पिछले 24 घंटों में, राज्य के लगभग सभी स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई है, जिसमें सर्वाधिक वर्षा जामताड़ा के करमाटांड़ में 73.2 मिलीमीटर रिकॉर्ड की गई। बारिश के कारण राज्य के विभिन्न शहरों में अधिकतम तापमान में उल्लेखनीय गिरावट आई है। राजधानी रांची में अधिकतम तापमान सामान्य से 4.5 डिग्री सेल्सियस कम होकर 25.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि डालटनगंज में यह सामान्य से 5.0 डिग्री सेल्सियस कम होकर 28.1 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया।
4 अक्टूबर को राज्य के उत्तरी-पूर्वी और उनसे सटे दक्षिण-पूर्वी भागों में अति भारी बारिश की प्रबल संभावना है। इन जिलों में मुख्य रूप से दुमका, जामताड़ा, पाकुड़, गोड्डा, साहिबगंज, पूर्वी सिंहभूम, और सरायकेला-खरसावां शामिल हैं, जहां जनजीवन प्रभावित हो सकता है। इसके बाद 5 अक्टूबर को भी राज्य के उत्तर-पूर्वी हिस्सों में कहीं-कहीं भारी बारिश होने का पूर्वानुमान है।
6 और 7 अक्टूबर को बारिश की तीव्रता में मामूली कमी आएगी, लेकिन राज्य के कुछ स्थानों पर गरज और वज्रपात के साथ हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश जारी रहेगी। अगले सप्ताह की शुरुआत में 8 और 9 अक्टूबर को भी राज्य के कुछ स्थानों पर गर्जन के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है, जिससे मौसम में ठंडक बनी रहेगी।

Check Also

गोड्डा में महिषासुर वध का आदिवासियों ने किया सांकेतिक विरोध।

गोड्डा में महिषासुर वध का आदिवासियों ने विरोध किया है. विरोध करने वाले लोगों को …