02/04/26
Breaking News

झारखंड कैबिनेट की बैठक में कुल 18 प्रस्तावों पर लगी मुहर विस का शीतकालीन सत्र 5 से 11 दिसंबर तक , देसी मांगुर स्टेट फीस घोषित

रांचीः  झारखंड विधानसभा का शीतकालीन सत्र 5 से 11 दिसंबर तक आयोजित किया जाएगा। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में बुधवार को हुई कैबिनेट की बैठक में इससे संबंधित औपबंधिक कार्यक्रम को मंजूरी दी गई। बैठक में कुल 18 प्रस्तावों को मंजूरी दी गई है।

कैबिनेट की बैठक में राज्य के 24 जिलों में स्थित मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालयों में विज्ञान और गणित विषयों के लिए एक-एक प्रयोगशाला (लैब) स्थापित की जाएगी। प्रत्येक लैब पर करीब 20 लाख खर्च होंगे। देवघर में पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप मोड पर लगभग 113 करोड़ रुपए की लागत से एक 4-स्टार होटल का निर्माण किया जाएगा। नेतरहाट आवासीय विद्यालय के शिक्षकों को पुरानी पेंशन योजना का लाभ मिलेगा। एक अन्य प्रस्ताव में 24 शिक्षकों और कर्मचारियों के सेवानिवृत्ति के प्रस्ताव को भी कैबिनेट ने मंजूरी दी। सिपाही नियुक्ति की नियमावली में संशोधन किया गया है। अब शारीरिक दक्षता परीक्षा में पुरुषों के लिए 1600 मीटर की दौड़ 6 मिनट में पूरी करनी होगी, जबकि महिलाओं के लिए यही दूरी 10 मिनट में तय करनी होगी। पुरानी नियमावली में पुरुषों के लिए 8 किमी और महिलाओं के लिए 4 किमी की लंबी दौड़ निर्धारित थी।

कैबिनेट ने ई-साक्ष्य और ई-समन से संबंधित मॉडल गाइडलाइंस को भी मंजूरी दी, साथ ही पथ निर्माण विभाग के कई अन्य प्रस्तावों को भी हरी झंडी दी गई। बैठक में लातेहार जिले के चंदवा में 147 एकड़ जमीन हिंडाल्को को उपलब्ध कराने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। बैठक के बाद कैबिनेट सचिव वंदना दादेल ने बताया कि गारंटी मोचन निधि के संचालन के लिए भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) की मसौदा अधिसूचना को सहमति दे दी गई है। इसके तहत सरकार सार्वजनिक उपयोगिता कंपनियों द्वारा जारी बांड के विरुद्ध गारंटी प्रदान करेगी तथा एक कोष उपलब्ध कराया जाएगा।

Check Also

झारखंड हाई कोर्ट ने ग्रामीण विकास विभाग के सचिव को जवाब दाखिल करने का दिया अंतिम मौका

रांची। झारखंड उच्च न्यायालय ने ग्रामीण विकास विभाग द्वारा बनाए गए पुलों के टूटने से …