19/02/26
Breaking News

ईडी ने पूर्व विधायक अंबा प्रसाद के भाई की 13.24 एकड़ जमीन जब्त की

रांची : बालू के अवैध कारोबार मामले में जांच कर रही ईडी (एन्फोर्समेंट डायरेक्टरेट) ने पूर्व कांग्रेस विधायक अंबा प्रसाद के भाई अंकित राज के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। ईडी ने रांची स्थित पीएमएलए कोर्ट में दाखिल चार्जशीट में कहा है कि उसने अंकित राज की 13.24 एकड़ जमीन और 1 करोड़ रुपये मूल्य का मकान जब्त किया है। रिपोर्ट के मुताबिक संपत्तियां अवैध बालू कारोबार से हुई काली कमाई से अर्जित की गई थीं।

जानकारी के मुताबिक, 2021 में अंकित राज ने 75 लाख रुपये में आठ डिसमिल जमीन खरीदी थी, जिस पर 26 लाख रुपये की लागत से एक पक्का मकान बनाया था। मकान समेत यह जमीन जब्त की गई है। इसके अलावा ईडी ने हजारीबाग जिले में मौजा जोरदाग, सदमपुर, बहोरनपुर, भादीखाप, सिरकी, केंटोनमेंट, नया खाप, बाभनबी, केरेडारी और हुपाड़ में कई डिसमिल व एकड़ जमीन जब्त की है।

अक्टूबर में दाखिल चार्जशीट में ईडी ने बताया था कि उसने अंकित राज से जुड़ी कुल 3.02 करोड़ रुपये मूल्य की 30 चल-अचल संपत्ति अस्थायी रूप से जब्त की है। अब तक इस मामले में 3.40 करोड़ रुपये मूल्य की कुर्की की जा चुकी है।

ईडी की जांच के अनुसार, अंकित राज ने 2019 में सोनपुरा घाट का खनन लाइसेंस समाप्त होने के बाद भी हाहारो, प्लांडू और दामोदर नदियों से अवैध रूप से बालू निकाला था। झारखंड पुलिस ने इस मामले में 16 प्राथमिकी दर्ज की हैं, जिनमें जबरन वसूली, अवैध बालू खनन, सरकारी काम में बाधा डालना और माओवादी संगठन “झारखंड टाइगर ग्रुप” चलाने के आरोप शामिल हैं।

ईडी ने 15 दिसंबर 2023 से इस मामले में गहन जांच शुरू की थी और यह कार्रवाई कानून व्यवस्था और अवैध खनन के खिलाफ ठोस संदेश है।

Check Also

नेहा किस्कू बनी मिस ग्रैंड झारखंड-2026

रांची। ब्रिकवे एंड कंपनी के तत्वावधान में स्टार एंटरटेनमेंट प्रोडक्शन के सहयोग से रविवार को …